देवबंद को मिली नई उपभोक्ता आवाज़ रोज़ी बेग बनीं विश्व उपभोक्ता संगठन भारत के विद्युत प्रकोष्ठ की शहर चेयरपर्सन
- विश्व उपभोक्ता संगठन भारत ने रोज़ी बेग पर जताया भरोसा, तीन वर्षों के लिए सौंपी देवबंद शहर की कमान
देवबंद/सहारनपुर। देवबंद की सामाजिक और उपभोक्ता हितों से जुड़ी गतिविधियों को एक नई मजबूती मिली है। विश्व उपभोक्ता संगठन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष असगर आलम ने सुश्री रोज़ी बेग, पुत्री श्री बाबर बेग, निवासी मोहल्ला पठानपुरा, देवबंद, को संगठन के विद्युत प्रकोष्ठ में देवबंद शहर चेयरपर्सन (सिटी प्रेसिडेंट) पद पर मनोनीत किया है। यह नियुक्ति तीन वर्ष की अवधि के लिए की गई है। संगठन की ओर से जारी मनोनयन पत्र के अनुसार रोज़ी बेग अब विश्व उपभोक्ता संगठन भारत के बैनर तले उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम-2019 के प्रावधानों के अनुरूप विशेष रूप से बिजली उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा, जन-जागरूकता और समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करेंगी। उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी दें और जरूरतमंद लोगों को उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।
संगठन ने स्पष्ट किया है कि देवबंद शहर में समय-समय पर सेमिनार, जनसभाएं, जागरूकता अभियान और बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनके माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं को बिल संबंधी समस्याओं, विद्युत आपूर्ति, उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रक्रिया, उपभोक्ता संरक्षण कानून तथा उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही उपभोक्ताओं और संबंधित विभागों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने का भी प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष असगर आलम ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि रोज़ी बेग संगठन की गरिमा और मूल उद्देश्यों को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में देवबंद क्षेत्र में उपभोक्ता अधिकारों को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को अपने अधिकारों के प्रति सजग होने का अवसर मिलेगा।
संगठन की ओर से जारी मनोनयन की सूचना उप जिलाधिकारी देवबंद, उपभोक्ता संरक्षण मंच सहारनपुर, जिला पूर्ति अधिकारी सहारनपुर, उत्तर प्रदेश उपभोक्ता संरक्षण आयोग, राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद उत्तर प्रदेश तथा विभिन्न प्रेस प्रतिनिधियों को भी प्रेषित कर दी गई है। विश्व उपभोक्ता संगठन भारत ने अपने संदेश में कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य प्रत्येक उपभोक्ता को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उसकी समस्याओं के समाधान के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना तथा समाज में उपभोक्ता हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। संगठन का मानना है कि जागरूक उपभोक्ता ही एक सशक्त और जवाबदेह व्यवस्था की नींव रख सकता है।
बन्हेड़ा खास के सरकारी विद्यालय में डिजिटल शिक्षा की नई शुरुआत, दूसरे डिजिटल बोर्ड का हुआ शुभारंभ
रोज़ी बेग के इस मनोनयन को देवबंद क्षेत्र में उपभोक्ता हितों, विशेष रूप से बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान और अधिकारों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में उपभोक्ता जागरूकता को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा।
रिपोर्ट - दीन रज़ा

