ईदगाह रोड के निकट गंदगी का साम्राज्य! नगर पालिका के सफाई अभियान की खुली पोल, जनता में भारी आक्रोश
- सफाई के दावे फेल, ईदगाह रोड बेहाल! क्या नगर पालिका का खजाना सिर्फ चुनिंदा इलाकों पर हो रहा खर्च?
- जलभराव, बदबू और गंदगी से त्रस्त ईदगाह रोड! नगर पालिका परिषद देवबंद की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल, गंदगी और जलभराव से जनता बेहाल
देवबंद। नगर के ईदगाह रोड की यह तस्वीरें नगर पालिका परिषद देवबंद के स्वच्छता अभियान और बड़े-बड़े दावों की हकीकत बयां कर रही हैं। सड़क पर फैला गंदा पानी, बजबजाती नालियां और जलभराव यह सवाल खड़ा कर रहे हैं कि आखिर नगर पालिका का सफाई अभियान ज़मीन पर है या केवल कागज़ों तक सीमित है?
एक ओर नगर पालिका परिषद सफाई व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर नगर के अलग-अलग हिस्सों से सामने आ रही गंदगी और विभागीय लापरवाही इन दावों की पोल खोल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईदगाह रोड पर लंबे समय से गंदा पानी जमा है, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। बदबू, मच्छरों का बढ़ता प्रकोप और संक्रामक बीमारियों का खतरा अलग से बना हुआ है।
जनता के बीच यह चर्चा भी ज़ोर पकड़ रही है कि क्या अब नगर पालिका परिषद पूरे नगर की नहीं, बल्कि केवल कुछ चुनिंदा क्षेत्रों तक ही सीमित होकर काम कर रही है? लोगों का आरोप है कि नगर के कुछ इलाकों में सफाई पर भरपूर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि अन्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल दिखाई देती है।
ऐसे आरोपों की निष्पक्ष जांच और तथ्यों के आधार पर समीक्षा होना आवश्यक है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब सफाई व्यवस्था पर हर वर्ष लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, तो फिर ईदगाह रोड जैसे क्षेत्रों में गंदगी और जलभराव की यह स्थिति क्यों बनी हुई है? क्या जिम्मेदार अधिकारी केवल दफ्तरों में बैठकर स्वच्छता अभियान चला रहे हैं, या फिर ज़मीनी हकीकत देखने की भी ज़रूरत महसूस करेंगे?
देवबंद नगर क्षेत्र की जनता सवाल पूछ रही है कि क्या नगर पालिका परिषद देवबंद पूरे नगर के साथ समान व्यवहार करेगी या सफाई व्यवस्था केवल दावों और कागज़ों तक ही सीमित रहेगी? जनता जवाब चाहती है।
रिपोर्ट - दीन रज़ा





