ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की अहम बैठक संपन्न पत्रकारों के उत्पीड़न के खिलाफ उठी आवाज़, संगठन विस्तार की रणनीति तय
- निष्पक्ष पत्रकारिता का लिया संकल्प, उत्पीड़न के खिलाफ उठी एकजुट आवाज़, संगठन का कुनबा बढ़ाने पर बनी सहमति, • पीत पत्रकारिता से दूर रहें पत्रकार ओमवीर सिंह, मण्डल अध्यक्ष
देवबंद। पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और संगठन को जमीनी स्तर पर अभेद्य मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से रविवार को 'ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन' की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक दारुल उलूम के निकट स्थित मशाल कॉम्प्लेक्स में पत्रकार दीन रज़ा के प्रतिष्ठान पर संपन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष ओमवीर सिंह ने की, जबकि इसका ओजस्वी संचालन ज़िला कार्यकारिणी सदस्य एवं पत्रकार महताब आज़ाद द्वारा किया गया। बैठक में पीत पत्रकारिता से दूर रहकर सत्य और समाज के हित में निष्पक्ष पत्रकारिता करने का संकल्प लिया गया।
तहसील देवबंद इकाई के तत्वावधान में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में संगठन के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में संगठन को नई मजबूती प्रदान करने के लिए पत्रकारों को संगठन में शामिल करने पर विचार किया गया। ज़िला सचिव गुरुजोत सेठी, ज़िला कार्यकारिणी सदस्य महताब आजाद और मंडल सचिव राजकुमार जाटव ने अपनी सहमति जताई। जल्द ही एक वृहद बैठक का आयोजन कर इन सभी को आधिकारिक रूप से सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओमवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा की मजबूत आवाज है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन किसी भी पत्रकार का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं करेगा और 'कलम के सिपाहियों' के लिए हमेशा समर्पित रहेगा। उन्होंने सभी पत्रकारों से अपील की कि वे पीत पत्रकारिता से दूर रहकर जनहित में अपनी लेखनी चलाएं। साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि जिलाध्यक्ष आलोक तनेजा के कड़े निर्देशों के अनुसार बहुत जल्द देवबंद तहसील और ब्लॉक की कार्यकारिणी का विस्तार कर पदों की घोषणा की जाएगी।
मंच का सफल संचालन करते हुए महताब आज़ाद ने कहा कि संगठन ने पूरे प्रदेश में पत्रकारों के हितों की ढाल बनकर रक्षा की है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि देश के किसी भी कोने में यदि पत्रकार का उत्पीड़न होगा, तो संगठन उसे न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। मंडल सचिव राजकुमार जाटव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। आज के समय में सबसे ज्यादा जरूरत इस बात की है कि सभी पत्रकार संगठन की एकजुटता बनाए रखें, यही हमारी असली ताकत है। पूर्व तहसील अध्यक्ष ने अपने विचार रखते हुए कहा कि हमें बिना किसी दबाव और भय के निष्पक्ष व निर्भीक पत्रकारिता करनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में पत्रकार दीन रज़ा ने अपने प्रभावशाली विचार सभी के समक्ष रखे। उन्होंने संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीतियों पर जमीनी स्तर पर काम करने के लिए समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों से एकजुट होने का आह्वान किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से खिलेंदर गांधी, अफजाल सिद्दीकी, असद सिद्दीकी, संजय भारद्वाज, अंकित भारद्वाज, मनोज जाटव, अरुण जैन, वजाहत शाह, शाहनवाज सलमानी, जुल्फिकार बैग, बलवीर सैनी, महताब आज़ाद, इमरान शेख, दीन रज़ा और राज कुमार जाटव सहित कई अन्य गणमान्य पत्रकार साथी मौजूद रहे।



