देवबंद में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड योजना का शुभारंभ, शिक्षकों व कर्मचारियों को मिले सांकेतिक कार्ड
- शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की नई पहल: देवबंद में कैशलेस चिकित्सा कार्ड, DBT और SBI MoU योजना का हुआ शुभारंभ
- देवबंद में शिक्षकों के लिए बड़ी सौगात, कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम में उमड़े शिक्षक और कर्मचारी
देवबंद। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों के कल्याण के लिए शुरू की गई मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण, डीबीटी (Direct Benefit Transfer) एवं भारतीय स्टेट बैंक (SBI) एमओयू योजना का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ मंगलवार को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा वाराणसी से किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का प्रदेशभर में सजीव प्रसारण किया गया, जिसके क्रम में जनपद सहारनपुर की देवबंद तहसील में भी भव्य आयोजन संपन्न हुआ। देवबंद तहसील में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक देवबंद एवं ब्लॉक नागल के शिक्षक-शिक्षिकाओं, भोजन माताओं, अनुदेशकों, शिक्षा मित्रों सहित शिक्षा विभाग के स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। सभी उपस्थितजनों ने वाराणसी से प्रसारित मुख्यमंत्री के संबोधन एवं योजना के शुभारंभ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सरकार की नई कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के दौरान दोनों विकास खंडों के 10-10 चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। यह कार्ड खंड शिक्षा अधिकारी देवबंद, खंड शिक्षा अधिकारी नागल, नायब तहसीलदार देवबंद तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों के कर-कमलों द्वारा प्रदान किए गए। इस योजना का उद्देश्य शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग से जुड़े कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें उपचार के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद देवबंद के अध्यक्ष विपिन गर्ग ने की। मुख्य अतिथि के रूप में नायब तहसीलदार मोनिका चौहान उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गन्ना समिति के अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की और सरकार की इस पहल को शिक्षकों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक ने एसबीआई एमओयू योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि योजना के माध्यम से शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विभिन्न लाभ उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया और योजना से अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी देवबंद नीलम तोमर ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित यह योजना शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका लाभ प्रत्येक पात्र कर्मचारी तक पहुंचाना शिक्षा विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। समापन के पश्चात सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा उपस्थित शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने सरकार की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा परिवार के लिए एक महत्वपूर्ण और लाभकारी कदम बताया।
रिपोर्ट - दीन रज़ा



