अंजुमन गाड़ा फाउंडेशन के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न, सज्जाद हुसैन एडवोकेट बने सदर, मुस्तफा एडवोकेट को मिली सेक्रेटरी की जिम्मेदारी
- एकता की मिसाल बना अंजुमन गाड़ा फाउंडेशन का चुनाव, बिना किसी विरोध के चुनी गई नई टीम
- समाज ने जताया भरोसा: सज्जाद हुसैन एडवोकेट को सौंपी अंजुमन गाड़ा की कमान, नई टीम से समाज को बड़ी उम्मीदें
सहारनपुर/नया गांव सईदपूरा। समाज की एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए अंजुमन गाड़ा फाउंडेशन के चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हो गए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान समाज के लोगों ने आपसी सहमति और एकजुटता का परिचय देते हुए संगठन के विभिन्न पदों पर नई टीम का चयन किया। चुनाव अधिकारी अब्दुल राशिद सालियर की देखरेख में संपन्न हुए इन चुनावों में वरिष्ठ समाजसेवी एवं अधिवक्ता सज्जाद हुसैन एडवोकेट को सर्वसम्मति से सदर (अध्यक्ष) चुना गया, जबकि मुस्तफा एडवोकेट को संगठन का सेक्रेटरी नियुक्त किया गया।
इसके अलावा संगठन के विस्तार और समाज की मजबूती को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों से भी पदाधिकारियों का चयन किया गया। सर्वसम्मति से जनपद सहारनपुर एवं मुजफ्फरनगर के लिए नायब सदरों का मनोनयन किया गया। वहीं सहारनपुर से आबिद मुखिया, मुजफ्फरनगर से हाजी गय्यूर तथा मवाना से अय्यूब चेयरमैन को भी सर्वसम्मति से नायब सदर चुना गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मौजूद समाज के लोगों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई टीम समाज के हितों की रक्षा करते हुए विकास और एकजुटता को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है, वे उस पर पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, आपसी भाईचारा और जरूरतमंद लोगों की सहायता को बढ़ावा देना है। इसके लिए सभी को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई जाएगी।
इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य लोग, बुजुर्ग, युवा और क्षेत्र के सम्मानित नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि आपसी एकता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और अंजुमन गाड़ा फाउंडेशन का यह सर्वसम्मति से संपन्न चुनाव उसी एकता का प्रतीक है। आज के दौर में जहां छोटे-छोटे मुद्दों पर समाज बंटता हुआ नजर आता है, वहीं अंजुमन गाड़ा फाउंडेशन का सर्वसम्मति से चुनाव संपन्न होना समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है। उम्मीद की जानी चाहिए कि नई टीम समाज के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास और भाईचारे की नई इबारत लिखेगी।
रिपोर्ट - दीन रज़ा




