अरुण अग्रवाल की पहल बनी राहत का सहारा! मानव कल्याण मंच ने पिलाया ठंडा मीठा शरबत, भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत
- नर सेवा ही नारायण सेवा' का संदेश: मानव कल्याण मंच ने लगाया शरबत शिविर, सैकड़ों राहगीरों की बुझाई प्यास
- देवबंद में मानवता की मिसाल! तपती दोपहर में मानव कल्याण मंच का सेवा अभियान, राहगीरों को वितरित किया मीठा शरबत
देवबंद। जहां एक ओर भीषण गर्मी लोगों का जीना मुहाल कर रही है, वहीं दूसरी ओर समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय मानव कल्याण मंच, देवबंद लगातार मानवता की मिसाल पेश कर रहा है। संस्था द्वारा अपने सेवा अभियान "नर सेवा नारायण सेवा" के तहत मजनूवाला रोड पर विशाल शरबत वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जहां राहगीरों, मजदूरों और आम नागरिकों को ठंडा एवं मीठा शरबत वितरित कर गर्मी से राहत पहुंचाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद देवबंद के सभासद राजन छाबड़ा और मानव कल्याण मंच के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर शरबत ग्रहण किया और संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना की।
देवबंद की सोलर लाइटों का ‘महाघोटाला’ या महालापरवाही? खंभे खड़े, पैनल गायब और शहर डूबा अंधेरे में!
सभासद राजन छाबड़ा ने कहा कि भीषण गर्मी में किसी प्यासे व्यक्ति को पानी या शरबत पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य उपहार है और इसकी हर बूंद जीवन के लिए संजीवनी के समान है। इसलिए सभी लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक होना चाहिए। संस्था के संस्थापक अरुण अग्रवाल ने कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल स्वयं के लिए जीना नहीं, बल्कि समाज और जरूरतमंद लोगों की सेवा करना भी है। उन्होंने कहा कि जल सेवा सबसे श्रेष्ठ मानव सेवा है, क्योंकि यह सीधे किसी व्यक्ति की जरूरत और जीवन से जुड़ी होती है। सेवा कार्यों से मनुष्य के भीतर अहंकार समाप्त होता है और समाज में प्रेम, सहयोग एवं भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
मंच अध्यक्ष सुशील कर्णवाल ने कहा कि मानव कल्याण मंच वर्षों से विभिन्न सामाजिक और सेवा कार्यों के माध्यम से लोगों की सहायता करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि मनुष्य और अन्य जीवों में सबसे बड़ा अंतर यही है कि मनुष्य दूसरों के दुख-दर्द को समझकर उनकी सहायता कर सकता है। किसी जरूरतमंद और असहाय व्यक्ति की निस्वार्थ सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है। मंच के महासचिव राजू सैनी ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से गर्मी के मौसम में शरबत वितरण का अभियान चला रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार समाजसेवा के कार्य जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम संयोजक एवं विशेष सहयोगी संजय सैनी ने कहा कि किसी भी संस्था की पहचान उसके सेवा कार्यों से होती है। समाज सेवा के ऐसे कार्य ही किसी संगठन को वर्षों तक लोगों के दिलों में जीवित रखते हैं और समाज हमेशा सेवा करने वालों का सम्मान करता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर मंच के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने राजू सैनी और संजय सैनी का विशेष आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजीव शर्मा, प्रमोद मित्तल, जितेंद्र कश्यप, नंदकिशोर नागर, चंद्रप्रकाश गाबा, रविंद्र कश्यप एडवोकेट, राजकुमार जाटव, लोकेश वत्स एडवोकेट, आदेश सैनी, श्याम चौहान, गिरीश गोयल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आज जब समाज में संवेदनाएं लगातार कम होती दिखाई दे रही हैं, ऐसे समय में मानव कल्याण मंच जैसी संस्थाएं उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आ रही हैं। तपती गर्मी में प्यासे राहगीरों को राहत पहुंचाना केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का श्रेष्ठ उदाहरण है। ऐसे प्रयास निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं।
रिपोर्ट - दीन रज़ा

