युवाओं के हाथों में नशा नहीं, मेडल देखना चाहते हैं चौधरी योगेश प्रताप सिंह सहारनपुर में 184 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का भव्य सम्मान

युवाओं के हाथों में नशा नहीं, मेडल देखना चाहते हैं चौधरी योगेश प्रताप सिंह सहारनपुर में 184 राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का भव्य सम्मान

  • नशे के खिलाफ खिलाड़ियों का संकल्प, तिरंगे के लिए जीने-मरने की कसम; रालोद खेल प्रकोष्ठ ने फूल बरसाकर बढ़ाया हौसला
  • अर्जुन अवार्डी से लेकर वर्ल्ड चैंपियंस तक एक मंच पर जुटे दिग्गज, सहारनपुर बना खेल प्रतिभाओं का संगम

सहारनपुर। सहारनपुर की धरती रविवार को उस समय देशभक्ति, खेल भावना और युवाओं के जोश से सराबोर हो उठी, जब राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) खेल प्रकोष्ठ द्वारा देश का नाम रोशन करने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से पहुंचे 184 खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया और उन पर फूल बरसाकर सम्मानित किया गया। समारोह की सबसे प्रेरणादायक तस्वीर तब सामने आई जब मंच पर मौजूद खिलाड़ियों ने एक स्वर में नशे से दूर रहने और जीवनभर देश के लिए खेलने का संकल्प लिया खिलाड़ियों की इस हुंकार ने पूरे सभागार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय सचिव चौधरी योगेश प्रताप सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश की युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन खेल ही वह माध्यम है जो युवाओं को सही दिशा दे सकता है। उन्होंने कहा कि रालोद युवाओं के हाथों में नशा या हथियार नहीं, बल्कि देश के लिए जीता हुआ मेडल देखना चाहती है। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी कठिन परिस्थितियों में भी देश का नाम रोशन कर रहे हैं, रालोद उनके साथ मजबूती से खड़ी है। सहारनपुर की इस धरती से खिलाड़ियों द्वारा लिया गया नशा मुक्त भारत का संकल्प पूरे प्रदेश और देश के लिए एक प्रेरणा है।

देवबंद के स्टेट हाईवे पर आखिर क्या चल रहा है? शिक्षण संस्थानों के आसपास बढ़ती संदिग्ध गतिविधियों से अभिभावकों में आक्रोश, प्रशासन से बड़ी कार्रवाई की मांग

समारोह की अध्यक्षता कर रहे रालोद खेल प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि आज मंच पर वे खिलाड़ी मौजूद हैं जिन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों में भारत का तिरंगा बुलंद किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का सपना है कि किसानों और ग्रामीण परिवारों के बच्चों को खेलों के माध्यम से बेहतर भविष्य मिले और गांव-गांव से खिलाड़ी निकलकर देश का गौरव बढ़ाएं। 

कार्यक्रम में अर्जुन अवार्डी, वर्ल्ड चैंपियन, एशियाई और कॉमनवेल्थ पदक विजेता खिलाड़ियों सहित विभिन्न खेलों के दिग्गजों को सम्मानित किया गया। प्रमुख रूप से अर्जुन अवार्डी सुनील राणा, टीम इंडिया के कोच जितेंद्र राणा, एशियन मेडलिस्ट उत्तम राणा, जाट रेजिमेंट के मेजर मनोज खोखर, सूबेदार नवीन बालियान, वुशु वर्ल्ड चैंपियन उचित शर्मा, रेसलिंग ग्रेपलिंग वर्ल्ड चैंपियन मोहम्मद असद, पैरा ओलंपिक रजत पदक विजेता निखिल कुमार तथा कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता राजीव मुंडेलवाल को विशेष सम्मान दिया गया। इसके अलावा जू-जित्सू, कुश्ती, कराटे, एथलेटिक्स और अन्य खेलों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करने वाले अनेक खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रालोद के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और खेल प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में रालोद खेल प्रकोष्ठ की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 

आज जब युवा पीढ़ी मोबाइल और नशे की गिरफ्त में फंसती जा रही है, ऐसे समय में सहारनपुर से उठी यह सकारात्मक पहल समाज के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। खिलाड़ियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करने का भी माध्यम है। सहारनपुर में आयोजित यह भव्य समारोह सिर्फ सम्मान कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह संदेश भी था कि देश का भविष्य मैदानों में तैयार होता है, न कि नशे की गलियों में। यदि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मंच और सम्मान मिलता रहा, तो वह दिन दूर नहीं जब भारत खेल जगत में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

रिपोर्ट - दीन रज़ा




Deen Raza

DRD NEWS 24 देवबंद (सहारनपुर) का एक स्वतंत्र न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष पत्रकारिता, जनहित के मुद्दों और स्थानीय खबरों को प्राथमिकता देता है।"

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने