पूनम मित्तल हत्याकांड का खुलासा! पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

पूनम मित्तल हत्याकांड का खुलासा! पुलिस मुठभेड़ के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

  • CCTV और सर्विलांस ने खोला हत्या का राज, तीन दिन में आरोपियों तक पहुँची सहारनपुर पुलिस
  • अंबेहटा में दिनदहाड़े महिला की हत्या से मचा था हड़कंप, मुठभेड़ के बाद पुलिस के हत्थे चढ़े संदिग्ध

सहारनपुर/नकुड़। सहारनपुर जिले के नकुड़ क्षेत्र में हुए चर्चित पूनम मित्तल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। घटना के महज तीन दिन बाद पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने की भी सूचना है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस की ओर से मामले का विस्तृत और आधिकारिक खुलासा अभी किया जाना बाकी है, लेकिन शुरुआती जांच में कई अहम सुराग सामने आए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद से ही कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, मोबाइल सर्विलांस की मदद ली गई और स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। इसी जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।

खाकी पर दाग, रंगे हाथ दबोचा गया दरोगा! सहारनपुर में एंटी करप्शन टीम का बड़ा धमाका, ₹10,000 की घूस लेते तीतरो का सब इंस्पेक्टर गिरफ्तार

बुधवार देर रात पुलिस को सर्विलांस के माध्यम से संदिग्धों की सटीक लोकेशन प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों संदिग्धों को दबोच लिया।

गौरतलब है कि यह सनसनीखेज वारदात 1 जून को अंबेहटा कस्बे के मोहल्ला झावरी में सामने आई थी। स्थानीय व्यापारी संजय मित्तल की 60 वर्षीय पत्नी पूनम मित्तल की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था और व्यापारियों समेत आम लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था।

ईद की आड़ में प्रशासनिक दिखावा, पहले शहर की हालत सुधारें, फिर अपील का ढोंग करें ईओ और चहेते सभासद

जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन शाम लगभग 4:08 बजे संजय मित्तल ने अपनी पत्नी को फोन किया, लेकिन दूसरी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर वह एक स्थानीय चिकित्सक के साथ घर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और अंदर कमरे में पूनम मित्तल का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। उनके गले पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। मौके पर मौजूद चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद जब पुलिस ने घर की तलाशी ली तो कमरे में रखी अलमारी खुली मिली और मृतका के कानों से कुंडल भी गायब पाए गए। इसी आधार पर पुलिस ने शुरुआती जांच लूटपाट के इरादे से की गई हत्या की दिशा में शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया था।

नारियल और फीते में सिमटा विकास, प्यासी जनता, मच्छरों का आतंक और 'अंधेरा कायम रहे' का राज

इस हत्याकांड के विरोध में अंबेहटा के व्यापारियों ने बाजार बंद कर अपना रोष व्यक्त किया था और पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की थी। दिनदहाड़े घर में घुसकर एक बुजुर्ग महिला की हत्या ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए थे।

हालांकि पुलिस ने तकनीक और खुफिया तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए तीन दिनों के भीतर आरोपियों तक पहुंचकर बड़ी सफलता हासिल की है। अब पुलिस की पूछताछ और आगामी प्रेस वार्ता के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, आरोपियों की भूमिका कितनी थी और इस वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। क्षेत्र के लोग भी अब पुलिस के आधिकारिक खुलासे का इंतजार कर रहे हैं।

रिपोर्ट: दीन रज़ा

Deen Raza

DRD NEWS 24 देवबंद (सहारनपुर) का एक स्वतंत्र न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष पत्रकारिता, जनहित के मुद्दों और स्थानीय खबरों को प्राथमिकता देता है।"

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने